कुरुक्षेत्र । जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला के खिलाफ कुरुक्षेत्र में मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले हिसार में भी उन पर केस दर्ज हो चुका है। ताजा मामला कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कथित रूप से हंगामा और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से जुड़ा है। इस मामले में JJP के आठ अन्य पदाधिकारियों को भी नामजद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला 7 अप्रैल को KUK के डॉ. आरके सदन में आयोजित एक कार्यक्रम से जुड़ा है। आरोप है कि इस आयोजन के दौरान सामाजिक उद्देश्य की आड़ में राजनीतिक गतिविधियां की गईं और यूनिवर्सिटी की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया।
कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर आनंद कुमार ने थाना KUK पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 324(4), 329(3) और 61 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रशासन के अनुसार, कार्यक्रम को 2 अप्रैल को “नशा मुक्ति और युवाओं की भागीदारी” जैसे सामाजिक उद्देश्य के नाम पर अनुमति दी गई थी, जिसे एक सहायक प्रोफेसर के माध्यम से बुक कराया गया था। लेकिन आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान लगभग 300 से 400 लोग शामिल हुए और मंच से राजनीतिक भाषण दिए गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
CSO की रिपोर्ट के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान करीब 80 कुर्सियां टूट गईं और यूनिवर्सिटी की संपत्ति को नुकसान पहुंचा। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए हैं।
इधर, घटना के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने हिंदी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर अजय सिंह को सस्पेंड कर दिया था। वहीं पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि कार्यक्रम के अगले दिन 8 अप्रैल को आयोजकों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुर्सियां टूटने की बात स्वीकार की थी और नुकसान की भरपाई का आश्वासन दिया था।
इस बीच, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने इनसो पर कार्यक्रम के दौरान हंगामा, तोड़फोड़ और अनुशासनहीनता के गंभीर आरोप लगाए थे और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।







