Faridabad,11 January-:फरीदाबाद के डींग गांव के निवासी और भारतीय सेना में नायब सूबेदार लोकेश चौहान ने नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर न सिर्फ सेना बल्कि हरियाणा, फरीदाबाद और अपने गांव का नाम रोशन किया है।यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 4 से 10 जनवरी तक नोएडा के गौतम बुद्ध नगर में आयोजित की गई थी।
इस राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया और बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा किया गया, जिसमें देशभर की 32 टीमों ने भाग लिया। लोकेश चौहान ने 85 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी मुकाबलों में जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।गोल्ड मेडल जीतने के बाद जब लोकेश अपने पैतृक गांव डींग पहुंचे तो परिजनों और ग्रामीणों ने उनका फूलों और नोटों की मालाओं से भव्य स्वागत किया। पूरे गांव में जश्न का माहौल देखने को मिला।
गोल्ड मेडलिस्ट नायब सूबेदार लोकेश चौहान ने बताया कि उन्होंने इस प्रतियोगिता में 85 किलो भार वर्ग में हिस्सा लिया। उनकी पहली फाइट महाराष्ट्र के बॉक्सर से हुई, जिसे उन्होंने पहले ही राउंड में नॉकआउट कर दिया। दूसरी फाइट ऑल इंडिया पुलिस के बॉक्सर से रही, जबकि तीसरी फाइट हरियाणा के बॉक्सर के साथ हुई। फाइनल मुकाबला सर्विसेज के खिलाड़ी के साथ हुआ, जिसे हराकर उन्होंने गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
लोकेश चौहान, नायब सूबेदार (गोल्ड मेडल विजेता)
“इस जीत का श्रेय मैं अपने कोच, परिजनों और दोस्तों को देता हूं। सभी के सहयोग और आशीर्वाद से ही यह मुकाम हासिल हो सका है। गांव में जो प्यार और सम्मान मिला है, उसके लिए मैं सभी का धन्यवाद करता हूं।”
परिजनों और गांववासियों का कहना है कि लोकेश ने वर्ष 2011 में बॉक्सिंग की शुरुआत की थी। सेना में रहते हुए भी उन्होंने कठिन परिश्रम और अनुशासन के साथ खेल को जारी रखा, जिसका परिणाम आज पूरे गांव के सामने है। लोकेश वर्तमान में पुणे में तैनात हैं।
परिजन व गांववासी
“हमें लोकेश पर गर्व है। उसने मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। आज पूरा गांव उसकी सफलता पर खुशियां मना रहा है।”







