Home Haryana रेवाड़ी में ट्राला कार पर पलटा : दंपती समेत चार लोगों की...

रेवाड़ी में ट्राला कार पर पलटा : दंपती समेत चार लोगों की मौत, बच्चा गंभीर

10
0

रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बनीपुर चौक के पास रात भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। चने की बोरियों से भरा एक ट्राला अनियंत्रित होकर पास से गुजर रही कार पर पलट गया। हादसे में कार सवार पांचों लोग ट्राले के नीचे दब गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से ट्राले को हटवाकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली के पालम निवासी दीपक अपनी पत्नी दिव्या और बेटे के साथ राजस्थान के सीकर स्थित खाटू श्याम धाम में दर्शन करने गए थे। उनके साथ दिल्ली के सुभाष नगर निवासी नितिन और सरिता भी थे। सभी लोग दर्शन करने के बाद कार से वापस दिल्ली लौट रहे थे।

रात करीब साढ़े 11 बजे उनकी कार बनीपुर चौक के नजदीक पहुंची। इसी दौरान साथ चल रहा चने की बोरियों से लदा ट्राला अचानक अनियंत्रित हो गया और कार के ऊपर पलट गया। ट्राले के नीचे दबने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्रेन की सहायता से ट्राले को हटवाने के बाद कार में फंसे पांचों लोगों को बाहर निकाला गया। सभी को बावल स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दीपक, उनकी पत्नी दिव्या, नितिन और सरिता को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल बच्चे का उपचार शुरू किया गया।

हादसे के कारण दिल्ली-जयपुर हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर व्यवस्था संभालते हुए कड़ी मशक्कत के बाद यातायात सुचारु कराया। घटना के बाद ट्राला चालक फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here