Panchkula,11January-:एमडीसी सेक्टर-4 में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 83 वर्षीय लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) कुलवंत सिंह मान का निधन हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वह अपने आवास के समीप सैर कर रहे थे। इसी दौरान डॉल्फिन चौक की ओर जाने वाली सड़क पर एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए कमांड हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही एमडीसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया।
पुलिस इंचार्ज सुखविंदर पाल ने बताया कि कमांड हॉस्पिटल से सड़क दुर्घटना में मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस ने तत्परता से मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है। मृतक का एक पुत्र विदेश में निवास करता है, जिसने भारत पहुंचने के बाद ही पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया है। इसी कारण पोस्टमार्टम सोमवार को किया जाएगा।पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






