Ambala,18 December-:भारतीय जनता पार्टी की अंबाला शहर की पहली निर्वाचित मेयर शैलजा संदीप सचदेवा ने वार्ड नंबर 3 में आशा सिंह गार्डन,जग्गी गार्डन और जग्गी कॉलोनी में जनसंपर्क अभियान चलाया।इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मुद्दों के समाधान के लिए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
जनसंपर्क के दौरान मेयर शैलजा संदीप सचदेवा और भाजपा के मनोनीत पार्षद एडवोकेट संदीप सचदेवा ने बताया कि पिछले 9 महीनों के कार्यकाल में अंबाला शहर के विकास के लिए लगभग 300 टेंडर लगाए गए हैं।इनमें नालों की सफाई, सड़कों व गलियों का निर्माण,नए नालों का निर्माण, स्ट्रीट लाइट लगाना सहित अनेक विकास कार्य शामिल हैं।मेयर ने कहा कि भाजपा के मूल कार्यकर्ताओं के सुझावों के आधार पर इस बार शहर में जल निकासी की व्यवस्था पहले से कहीं बेहतर रही,जिससे बरसात के मौसम में लोगों को राहत मिली और जलभराव की समस्या काफी हद तक नहीं हुई।उन्होंने जानकारी दी कि गौशाला निर्माण के लिए 4.50 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी,लेकिन नगर निगम कर्मचारियों की लापरवाही के कारण मामला अदालत में चला गया, जिससे कार्य में बाधा आई है। इसी तरह लंबे समय से लंबित कुत्तों की नसबंदी का कार्य भी उनके प्रयासों से शुरू हुआ है और जल्द ही ऑपरेशन थिएटर व स्थायी स्थान उपलब्ध कराकर इस अभियान को और तेज किया जाएगा।
मेयर ने बताया कि जनवरी माह में नगर निगम को 600 नए सफाई कर्मचारी मिलने वाले हैं,जिससे शहर की सफाई व्यवस्था में और सुधार होगा। इसके अलावा शहर के सभी प्रमुख चौकों के रखरखाव के लिए लगभग 24 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है,ताकि अंबाला शहर साफ और सुंदर दिखाई दे।स्वामित्व योजना के तहत लगभग 29 हजार परिवारों को लाभ देने की प्रक्रिया चल रही है।जिन लोगों के दावे सही पाए गए हैं,उन्हें शीघ्र ही माननीय मुख्यमंत्री के हाथों स्वामित्व प्रमाण पत्र दिलवाए जाएंगे।मेयर शैलजा सचदेवा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र की 54 अवैध कॉलोनियों को नियमित करने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। हालांकि प्रशासनिक सहयोग की कमी के कारण अभी पूर्ण सफलता नहीं मिल पाई है,लेकिन जल्द ही इस दिशा में ठोस परिणाम सामने आएंगे और जनता को वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जाएगा।उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन सरकार की नीतियों को जमीन पर उतारना ही उनका लक्ष्य है,ताकि आम जनता तक सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ पहुंच सके।







