पलवल : चन्द्रिका ( TSN)- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश में से कांग्रेस डायनासोर की तरह गायब हो जाएगी। एक समय होगा जब लोग पूछेंगे कि कांग्रेस पार्टी भी थी क्या। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह खादर के गांव सोलड़ा में भाजपा प्रत्याशी कृष्ण पाल गुर्जर के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह लोग कहते हैं कि मोदी तानाशाह है। 1975 के चुनाव में इंदिरा गांधी चुनाव हार गई तो उन्होंने क्या किया देश में इमरजेंसी लगा दी। मेरी उम्र 24 साल थी और मुझे 18 महीने जेल में रखा गया । इस सदमे से मेरी मां की मौ*त हो गई और कांग्रेस ने मुझे पैरोल तक नहीं दी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ के मंच पर अब भारत को गंभीरतापूर्वक सुना जाता है। भारत विश्व की सबसे बड़ी महाशक्ति बनने जा रहा है। भारत को कोई पड़ोसी देश आंख दिखाने की हिम्मत नहीं करता है। अगर कोई भारत की तरफ आंख उठाकर देखने का काम करता है तो सेना द्वारा उसे उसकी भाषा में मुंहतोड़ जवाब दिया जाता है। रक्षा मंत्री ने कहा कि धन दौलत के रूप में भी भारत आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2004 में प्रधानमंत्री मनमोहन के समय में भारत धन दौलत में 11वें स्थान पर था,वहीं वर्ष 2014 तक भी भारत की यही स्थिति थी लेकिन भाजपा सरकार के 8 वर्षों में ही भारत दुनिया भर में 5वें पायदान पर आ पहुंचा है। अर्थशास्त्री और वित्तीय संस्थाओं की रिपोर्ट के अनुसार भारत की अर्थव्यवस्था लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2027 तक भारत आत्मनिर्भर भारत और आर्थिक रूप से मजबूत भारत बनकर उभरेगा और वर्ष 2070 तक हमारा देश को सबसे धनवान देश बनने से कोई नहीं रोक सकता है। उन्होंने कहा कि भारत अब कमजोर भारत नहीं बल्कि ताकतवर भारत बन चुका है।
भाजपा ने सेना को दी बुनियादी सुविधाऐं
रक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने सेना के लिए ढांचागत सुविधाऐं जैसे सडक़,बिजली,पानी तथा अन्य सामान नहीं दिया लेकिन भाजपा ने सेना को बुनियादी सुविधाऐं देकर सेना के जवानों का मनोबल बढ़ाने का कार्य किया है। चीन और पाकिस्तान जब भी नापाक हरकत करता है तो सेना उनकी भाषा में मुंहतोड़ जवाब देती है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी देश पाकिस्तान की हालत लगातार बदतर हो रही है।उन्होंने कहा कि कृष्णपाल गुर्जर साफ व स्वच्छ छवि के नेता है। राजनीति में उनकी विशेष उपलब्धियां रही है। इसलिए 25 मई को भाजपा को वोट देकर कमल खिलाने का कार्य करें।







