चंडीगढ़ : चन्द्रिका ( TSN)- आम आदमी पार्टी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अनुराग ढांडा ने सोमवार को पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता कर बेरोजगारी के मुद्दे पर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उनके साथ पंचकूला जिला अध्यक्ष रंजीत उप्पल और वरिष्ठ नेता बीके कौशिक भी मौजूद रहे। अनुराग ढांडा ने कहा कि हरियाणा पिछले कई सालों से बेरोजगारी में लगातार नंबर वन बना हुआ है। बेरोजगारी की ये समस्या गंभीर रूप लेती जा रही है।
हरियाणा में सरकारी पदों पर बाहरी लोगों को भर्ती किया जा रहा
अनुराग ढांडा ने कहा कि इस सरकार में हुई कुछ भर्तियों के आंकडे बताते हैं कि कृषि विभाग के 600 एडीओ के पदों के लिए भर्ती निकली थी। उनमें से भी केवल 50 का ही चयन हुआ, 550 पोस्ट ऐसे ही खाली रह गई। भर्ती में जनरल केटेगरी के 23 पदों में से 16 पदों पर हरियाणा से बाहर के उम्मीदवारों को सेलेक्ट किया गया। यानी 70% सिलेक्शन बाहर के युवाओं का था। 2021 में हुई एसडीओ इलेक्ट्रिकल की भर्ती में 99 लोगों को सेलेक्ट किया गया था। इनमें 77 बाहर के थे और सिर्फ 22 हरियाणा के थे। यानी 78% बाहर के सेलेक्शन हुए। लेक्चरर ग्रुप-बी (टेक्निकल एजुकेशन) की भर्ती में 157 में से 103 अभ्यार्थी हरियाणा से बाहर के सेलेक्ट हुए थे। यानी 66% सेलेक्शन हरियाणा के बाहर के अभ्यर्थियों का हुआ। साल 2019 में असिस्टेंट प्रोफेसर पॉलिटिकल साईंस की भर्ती में 18 में से 11 उम्मीदवार बाहरी थे। यानी 61% बाहर के सेलेक्शन हुए। इसके अलावा एचसीएस भर्ती 2021 में 34 लोग बाहरी चयनित हुए। उन्होंने कहा कि हरियाणा अकेला ऐसा प्रांत है, जहां स्टाफ नर्स व वेटेरिनरी की पोस्ट के लिए हरियाणा नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल व हरियाणा वेटेरिनरी रजिस्ट्रेशन काउंसिल का पंजीकरण अनिवार्य नहीं, जबकि दूसरे प्रदेशों में प्रांतीय काउंसिल का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। नतीजा यह है कि बाहर के युवा हरियाणा में नर्सिंग व वेटेरिनरी में भर्ती हो रहे हैं और हरियाणा के युवाओं को न हरियाणा में जगह मिलती और न बाहर।







