Ambala,18 December-:अंबाला कैंट के महेश नगर क्षेत्र में लंबे समय से चले आ रहे संपत्ति विवाद पर अब विराम लग गया है। हाईकोर्ट से नगर परिषद के पक्ष में फैसला आने के बाद नगर परिषद ने सख्त कार्रवाई करते हुए 20 दुकानों पर कब्जा वापस ले लिया। शुक्रवार को नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंची और न्यायालय के आदेशों के तहत दुकानों पर ताले लगाकर उन्हें अपने कब्जे में ले लिया।
इस कार्रवाई के दौरान नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी देवेंद्र नरवाल और महेश नगर थाने के एसएचओ भी मौजूद रहे। नगर परिषद अधिकारियों ने बताया कि यह मामला वर्ष 2015 से न्यायालय में विचाराधीन था। इस दौरान कुछ लोग इन दुकानों से अवैध रूप से किराया भी वसूलते रहे। कोर्ट का फैसला नगर परिषद के हक में आने के बाद बिना किसी देरी के नियमानुसार कार्रवाई को अमल में लाया गया।हालांकि महेश नगर थाने की इमारत पर नगर परिषद ने फिलहाल कोई कठोर कदम नहीं उठाया। नगर परिषद की ओर से थाने को दो महीने का समय दिया गया है।ईओ देवेंद्र नरवाल ने बताया कि थाने की नई बिल्डिंग निर्माणाधीन है,इसी कारण पुलिस विभाग को अस्थायी राहत दी गई है और निर्धारित समयसीमा के भीतर भवन खाली करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्रवाई के बाद प्रभावित दुकानदारों ने नगर परिषद से मांग की है कि उन्हें दुकानों को किराए पर फिर से आवंटित किया जाए ताकि उनका रोजगार प्रभावित न हो। नगर परिषद अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दुकानदारों की मांग पर नियमों के तहत विचार किया जाएगा और उचित निर्णय लिया जाएगा।नगर परिषद का कहना है कि पूरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और न्यायालय के आदेशों के अनुरूप की गई है। यह कार्रवाई न केवल सरकारी संपत्ति को सुरक्षित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि भविष्य में अवैध कब्जों पर सख्ती का संकेत भी देती है।






