Palwal,18 December-:खेलो इंडिया बीच गेम्स-2026 को लेकर हरियाणा राज्य की महिला कबड्डी टीम के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी कड़ी में पलवल के नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में चयन ट्रायल का आयोजन किया गया,जिसमें हरियाणा के विभिन्न जिलों से आई महिला कबड्डी खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों में चयन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
इस चयन ट्रायल में खेल विभाग के उपनिदेशक राम मेहर सिंह,ध्यानचंद अवार्डी विकास कुमार,कबड्डी कोच नरेंद्र राणा और कोच संदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी व प्रशिक्षक मौजूद रहे। ट्रायल का उद्देश्य आगामी खेलो इंडिया बीच गेम्स-2026 के लिए एक मजबूत और संतुलित टीम का चयन करना है।कबड्डी कोच नरेंद्र राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि द्वितीय खेलो इंडिया बीच गेम्स-2026 का आयोजन 5 जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक दादरा एवं नगर हवेली और दमन-दीव के केंद्र शासित प्रदेश दीव में किया जाएगा।इस प्रतियोगिता में हरियाणा की ओर से टीम स्पोर्ट्स के तहत महिला और पुरुष कबड्डी टीम भाग लेगी। उन्होंने बताया कि 18 दिसंबर को लड़कियों की कबड्डी और 19 दिसंबर को लड़कों की कबड्डी के लिए ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं, जो ओपन कैटेगरी में हैं।उन्होंने कहा कि पिछले खेलो इंडिया बीच गेम्स में हरियाणा की महिला और पुरुष कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। इस बार भी हरियाणा की टीम बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेगी और गोल्ड मेडल जीतने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरेगी।
नरेंद्र राणा ने यह भी कहा कि हरियाणा सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। प्रदेश की खेल नीति देश में नंबर वन है,जिसका उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देना,आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराना और सरकारी नौकरी के माध्यम से खेलों को आगे बढ़ाना है। इसमें नकद पुरस्कार, खेल नर्सरी, ग्रेडेशन सर्टिफिकेट और अर्जुन व भीम अवॉर्ड जैसे सम्मान शामिल हैं।
वहीं,जिला जींद से ट्रायल में भाग लेने आई गोल्ड मेडलिस्ट कबड्डी खिलाड़ी रीनू ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष खेलो इंडिया बीच गेम्स में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करते हुए गोल्ड मेडल जीता था। इस बार भी उन्हें टीम में चयन की पूरी उम्मीद है। उन्होंने खेल विभाग से खेलो इंडिया बीच गेम्स के लिए अलग ग्रेडेशन प्रणाली लागू करने की मांग की।जिला पानीपत से आई कबड्डी खिलाड़ी प्रियंका और पलवल जिले के गांव घोड़ी की खिलाड़ी गीता ने भी अच्छे प्रदर्शन के दम पर टीम में जगह बनाने की उम्मीद जताई और प्रदेश का नाम रोशन करने का संकल्प लिया।







