Home Haryana गुरुग्राम में ट्रॉले के चार टायरों में लगी आग, कादरपुर में चार...

गुरुग्राम में ट्रॉले के चार टायरों में लगी आग, कादरपुर में चार दोपहिया वाहन जले

4
0

गुरुग्राम। गुरुग्राम में आग लगने की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना बंधवाड़ी टोल प्लाजा के पास हुई, जहां एक ट्रॉले के पिछले टायरों में अचानक आग लग गई। दूसरी घटना कादरपुर की सोहन नगर कॉलोनी में हुई, जहां मकान की पार्किंग में खड़ी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने के बाद दो स्कूटी और दो बाइक जलकर राख हो गईं। दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

बंधवाड़ी टोल प्लाजा के पास शुक्रवार तड़के करीब 4:33 बजे ट्रॉले के पिछले टायरों में आग लग गई। टायरों से धुआं और लपटें उठती देखकर चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को तुरंत सड़क किनारे खड़ा कर दिया और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद सेक्टर-29 दमकल केंद्र से टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकलकर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया और उसे ट्रॉले के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक दिया।

दमकलकर्मी सुनील कुमार के मुताबिक, आग लगने से ट्रॉले के चार टायर जल गए, जबकि वाहन के बाकी हिस्से को सुरक्षित बचा लिया गया। चालक भी पूरी तरह सुरक्षित है।

वहीं, आग लगने की दूसरी घटना कादरपुर की सोहन नगर कॉलोनी में हुई। यहां एक मकान की पार्किंग में खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। शुरुआती आशंका है कि स्कूटी में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। देखते ही देखते आग ने पार्किंग में खड़े अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया और तेजी से फैल गई।

घटना की सूचना मिलने पर सेक्टर-29 दमकल केंद्र से फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पार्किंग में खड़ी दो स्कूटी और दो बाइक पूरी तरह जल चुकी थीं। इस घटना में भी किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here