चंडीगढ़ | हरियाणा चिकित्सा सेवा संघ (एचसीएमएसए) के आह्वान पर डॉक्टरों की हड़ताल को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों को सरकारी अस्पतालों में परेशानी न हो, इसके लिए आपात तैयारी शुरू कर दी है।
स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. कुलदीप सिंह ने सभी जिला अस्पतालों को निर्देश दिया है कि 48 घंटे के भीतर पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके तहत अस्पताल ऑपरेशन और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए जरूरत पड़ने पर बाहर से स्पेशलिस्ट डॉक्टर भी हायर किए जा सकते हैं, जिनका पूरा खर्च स्वास्थ्य विभाग वहन करेगा।
हड़ताल के दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), डेंटल और आयुष विभाग के डॉक्टरों की सेवाएं भी ओपीडी में जारी रहेंगी ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
एचसीएमएसए के डॉक्टरों ने कहा कि वे 8 और 9 दिसंबर को स्वास्थ्य सेवाएं बंद रखेंगे और उसके बाद 10 दिसंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। उन्होंने यह कदम एसएमओ की सीधी भर्ती को लेकर किसी निश्चित समयसीमा में समाधान न मिलने के कारण उठाया है।
डॉ. कुलदीप सिंह ने आश्वस्त किया कि हड़ताल के दौरान मरीजों को परेशानी नहीं होगी और उन्होंने आगामी 48 घंटे में सभी अस्पतालों से व्यवस्थाओं की रिपोर्ट मांगी है।







