फरीदाबाद | शहर के सिविल अस्पताल में चल रहे हार्ट सेंटर में एक फर्जी डॉक्टर के काम करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी ने फर्जी डिग्री के आधार पर नौकरी हासिल की और अब तक करीब 70 हार्ट सर्जरी कर चुका है।
पुलिस के अनुसार, यह सेंटर पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत संचालित हो रहा था। इस पूरे मामले में थाना एसजीएम नगर में केस दर्ज किया गया है और आरोपी की तलाश जारी है।
तीन टीमों का गठन, पुलिस कमिश्नर खुद कर रहे मॉनिटरिंग
एसजीएम नगर थाना प्रभारी रणवीर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में डॉक्टर की डिग्री फर्जी पाई गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन जांच टीमें गठित की हैं। पुलिस कमिश्नर और डीसीपी स्वयं इस केस की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
रणवीर सिंह ने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी को अस्पताल में नियुक्ति कैसे मिली और प्रशासनिक स्तर पर किसकी लापरवाही रही।







