Home Haryana हरियाणा में फिर सक्रिय होगा मानसून, चार दिन बारिश का अलर्ट

हरियाणा में फिर सक्रिय होगा मानसून, चार दिन बारिश का अलर्ट

5
0

चंडीगढ़। हरियाणा में उमस और भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के चंडीगढ़ केंद्र के अनुसार सोमवार से प्रदेश में मानसून दोबारा सक्रिय हो रहा है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक राज्य के अधिकांश जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को पंचकूला, यमुनानगर और अंबाला में कई स्थानों पर अच्छी बारिश हो सकती है। इन जिलों में गरज के साथ बिजली चमकने की भी आशंका है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

विभाग ने महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह (मेवात), पलवल, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश शुरू होने के बाद लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

पिछले दो से तीन दिनों के दौरान अधिकांश जिलों में बारिश नहीं होने और तेज धूप निकलने से गर्मी और उमस में काफी बढ़ोतरी हुई थी। दिनभर चिपचिपी गर्मी के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार शाम से मौसम का मिजाज बदलने लगेगा और तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

रविवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सबसे अधिक 38.2 डिग्री सेल्सियस तापमान भिवानी के बोपानिया केंद्र में रिकॉर्ड किया गया, जबकि महेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक 1 जून से 25 जुलाई तक हरियाणा में 132.7 मिलीमीटर वर्षा हुई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 175.4 मिलीमीटर होती है। यानी प्रदेश में अब तक करीब 24 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। फिलहाल केवल छह जिलों में सामान्य या सामान्य के आसपास बारिश हुई है, जबकि 16 जिलों में वर्षा का आंकड़ा सामान्य से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग का मानना है कि अगले चार दिनों में होने वाली बारिश से वर्षा की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here