हिसार | हरियाणा में दिसंबर की शुरुआत से ही ठंड ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और अधिकांश इलाकों में कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि 4 दिसंबर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसके कारण मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। डॉ. खीचड़ के अनुसार 8 दिसंबर को ठंड और बढ़ सकती है, जबकि उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने से रात के तापमान में और गिरावट की संभावना है।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश का मौसम फिलहाल दोहरी मार का अनुभव कर रहा है। दिन का अधिकतम तापमान सामान्य स्तर से काफी नीचे रहा, जबकि रातें भी सामान्य से अधिक ठंडी रही। न्यूनतम तापमान की बात करें तो औसत में 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जो सामान्य स्तर से 2.9 डिग्री नीचे है। महेंद्रगढ़ में AWS स्टेशन पर न्यूनतम तापमान 3.7°C रिकॉर्ड किया गया। हिसार में रात का पारा 4.0°C रहा, जो सामान्य से 5.3°C कम है। नारनौल में 4.2°C और करनाल में 5.8°C तापमान दर्ज किया गया। डॉ. खीचड़ ने नागरिकों से ठंड के मद्देनजर सुरक्षा और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।







