भिवानी | हरियाणा पुलिस ने कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन’ के तहत मात्र 24 घंटे में प्रभावशाली कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 10 कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा, जबकि विभिन्न मामलों में शामिल 305 अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया। यह अभियान अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश देने के साथ-साथ आम नागरिकों में सुरक्षा के प्रति विश्वास भी मजबूत कर रहा है।
भिवानी और झज्जर पुलिस इस अभियान में सबसे सक्रिय रहीं। भिवानी में तीन हार्डकोर बदमाशों को देसी कट्टा, तलवार और नकदी के साथ गिरफ्तार किया गया, वहीं झज्जर पुलिस ने दो कुख्यात अपराधियों को दबोचा। सिरसा में एनडीपीएस एक्ट के छह मामलों में वांछित सुदेश रानी को पकड़ा गया। फतेहाबाद में पोक्सो और दुष्कर्म के मामलों में फरार अरुण कुमार को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा कैथल, रेवाड़ी और पानीपत में भी इनामी अपराधियों की धरपकड़ की गई।
नशा माफिया और अवैध शराब तस्करों पर भी पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। गुरुग्राम में 4307 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जबकि फतेहाबाद से 2.7 किलो अफीम बरामद हुई। फरीदाबाद और रेवाड़ी में गांजा, हेरोइन, स्मैक और नशीली गोलियों का बड़ा जखीरा भी पुलिस ने जब्त किया। पूरे राज्य में अब तक 100 ग्राम से अधिक हेरोइन, 530 ग्राम गांजा और 2.86 किलो अफीम बरामद की जा चुकी है। अभियान के दौरान चार देसी कट्टे, दो पिस्तौल, एक रिवॉल्वर और कई कारतूस भी पुलिस के हाथ लगे। पुलिस का कहना है कि यह बरामदगी भविष्य में कई अपराधों को रोकने में मदद करेगी।
साइबर अपराधों पर भी पुलिस का शिकंजा कसा गया है। हेल्पलाइन 1930 पर मिली शिकायतों में से 1.06 करोड़ रुपये की साइबर ठगी में से 55.34 लाख रुपये ठगों तक पहुंचने से पहले ही फ्रीज कर दिए गए। इस दौरान छह साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया और 7.39 लाख रुपये पीड़ितों को वापस दिलाए गए। एक मामले में सूचना मिलने के केवल एक घंटे के भीतर 84,000 रुपये की राशि को होल्ड करवा दिया गया।
‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन’ हरियाणा पुलिस की अपराध नियंत्रण में सक्रिय रणनीति का हिस्सा है और इसे लगातार जारी रखा जाएगा।







