अम्बाला, 5 अक्टूबर – हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कोलंबिया में आरएसएस के खिलाफ दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पत्रकारों से बातचीत के दौरान विज ने कहा कि राहुल गांधी को विदेशों में जाकर भारत की छवि को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहिए।
उन्होंने कहा, “भारत में लोकतंत्र है, यहां हर किसी को बोलने की स्वतंत्रता है, लेकिन देश की नीतियों पर असहमति जताने का स्थान भारत है, न कि विदेशी मंच।” विज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) “राष्ट्रीयता और चरित्र निर्माण” के मूल्यों पर चलती है, जबकि कांग्रेस का गठन एक ब्रिटिश अधिकारी ए.ओ. ह्यूम द्वारा किया गया था, जिससे वह “विदेशी प्रभाव वाली पार्टी” बनी रही।
केजरीवाल को विज की नसीहत
अरविंद केजरीवाल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कि “गोवा में भाजपा-कांग्रेस की मिलीभगत वाली सरकार चल रही है”, अनिल विज ने कहा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक को अपने शासन वाले राज्य पंजाब पर ध्यान देना चाहिए।उन्होंने कहा, “आप इधर-उधर की बातें छोड़िए, देखिए पंजाब में क्या हालात हैं।
सुरजेवाला निराश कवि की तरह ट्वीट कर रहे हैं
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला द्वारा भाजपा सरकार को किसान विरोधी बताने वाले ट्वीट पर विज ने कहा कि सुरजेवाला “हताशा और निराशा में ट्वीट कर रहे हैं”।उन्होंने कहा कि भाजपा की “डबल इंजन सरकार” किसानों के हित में लगातार काम कर रही है।विज ने कहा, “केंद्र और राज्य दोनों सरकारें पारदर्शिता के साथ किसानों की फसल की खरीद कर रही हैं, और पैसा सीधे किसानों के खातों में भेजा जा रहा है।उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में किसानों को आढ़तियों से पैसे निकलवाने के लिए बहुत संघर्ष करना पड़ता था।







