Home Haryana गुड़गांव: एमजी रोड पर चला जीएमडीए का अतिक्रमण विरोधी अभियान, 40 अवैध...

गुड़गांव: एमजी रोड पर चला जीएमडीए का अतिक्रमण विरोधी अभियान, 40 अवैध ठेले हटाए

307
0

गुड़गांव | गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने शहर में अतिक्रमण की बढ़ती समस्या को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम (MCG) और ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर एमजी रोड पर एक विशेष संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान नो वेंडिंग ज़ोन माने जाने वाले इस क्षेत्र से करीब 40 अवैध ठेले हटाए गए।

अभियान से पहले की गई थी प्लानिंग और बैठक

GMDA के सीईओ श्यामल मिश्रा की अध्यक्षता में हाल ही में एमजी रोड से जुड़े मुद्दों पर समीक्षा बैठक हुई थी, जिसमें MCG कमिश्नर प्रदीप दहिया भी मौजूद थे। बैठक में एमजी रोड पर अतिक्रमण को एक गंभीर समस्या मानते हुए कार्रवाई का निर्णय लिया गया। इसके बाद जीएमडीए की दो और नगर निगम की चार टीमों को मिलाकर एक संयुक्त दल गठित किया गया।

नो वेंडिंग ज़ोन में नहीं मिलेगी छूट

एमजी रोड को शहर की एक प्रमुख सड़क माना जाता है, जहां कई कमर्शियल बिल्डिंग्स और ग्रुप हाउसिंग सोसायटीज स्थित हैं। लंबे समय से स्थानीय निवासी अतिक्रमण हटाने की मांग कर रहे थे। संयुक्त टीमों ने एमजी मेट्रो स्टेशन के पास हेरिटेज सिटी और इफ्को चौक के पास बेवर्ली पार्क-1 इलाके में विशेष रूप से कार्रवाई करते हुए ठेले-रेहड़ी वालों को हटाया।

विक्रेताओं को पहले किया गया था सतर्क

प्रशासन ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से पहले कई बार जीएमडीए और MCG द्वारा क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाकर दुकानदारों और फेरीवालों को चेताया गया था। इसके बावजूद अवैध कब्जा जारी था, जिस पर अब कार्रवाई की गई है।

माफिया या अवैध वसूली की भी जांच होगी

नोडल अधिकारी आरएस बाठ ने कहा कि एमजी रोड को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त बनाने का प्रयास जारी है। यदि किसी माफिया या स्थानीय व्यक्ति द्वारा अवैध वसूली की शिकायत सामने आती है तो उस पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी साफ किया कि अब अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here