Home Haryana फरीदाबाद में अरावली क्षेत्र से हटाए जा रहे अवैध निर्माण, अब तक...

फरीदाबाद में अरावली क्षेत्र से हटाए जा रहे अवैध निर्माण, अब तक 56 फार्महाउस ढहाए गए

262
0

फरीदाबाद | अनिल राठी: सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद अरावली वन क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई जारी है। नगर निगम और वन विभाग की संयुक्त टीम अब तक 56 फार्महाउस को ध्वस्त कर चुकी है। हटाए गए निर्माणों में एक भाजपा विधायक और कांग्रेस के पूर्व मंत्री का फार्महाउस भी शामिल है।

6 दिन से जारी बुलडोजर कार्रवाई

पिछले छह दिनों से अरावली क्षेत्र में 13 जेसीबी और 1 पोकलैंड मशीन की मदद से अवैध निर्माणों को गिराया जा रहा है। समालखा से बीजेपी विधायक मनमोहन भड़ाना और पूर्व कांग्रेस मंत्री महेंद्र प्रताप के फार्महाउस इस कार्रवाई की जद में आए हैं।

हजारों निर्माण चिन्हित, अब तक नोटिस के बाद कार्रवाई

वन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अनंगपुर, अनखीर, लकड़पुर और मेवला महाराजपुर गांवों में सबसे ज्यादा अतिक्रमण हुआ है। करीब 6,000 अवैध निर्माण चिन्हित किए गए हैं। इनमें फार्महाउस, मैरिज गार्डन, बैंक्वेट हॉल सहित कई व्यावसायिक ढांचे शामिल हैं। हालांकि, पहले चरण में जनवरी में नोटिस भेजे गए थे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब सुप्रीम कोर्ट द्वारा जुलाई के अंत तक रिपोर्ट मांगे जाने के बाद प्रशासन ने एक बार फिर सख्ती शुरू की है।

27 जून को होगी समीक्षा बैठक

वन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, 27 जून को चीफ सेक्रेटरी अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक होगी। इसमें नगर निगम और वन विभाग के अधिकारी अब तक हुई कार्रवाई की रिपोर्ट पेश करेंगे। कितने क्षेत्रफल में कितनी इमारतें गिराई गई हैं, इस पर विस्तृत चर्चा होगी।

1 हजार फार्महाउस और बैंक्वेट हॉल पर कार्रवाई की तैयारी

फरीदाबाद वन विभाग के अधिकारी राजकुमार ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार जुलाई के अंत तक रिपोर्ट जमा करनी है। अरावली क्षेत्र से 1000 से अधिक फार्महाउस और बैंक्वेट हॉल को हटाया जाएगा। कोर्ट ने वन क्षेत्र को पुनर्जीवित करने के लिए वृक्षारोपण का आदेश भी दिया है। अगली सुनवाई अगस्त में निर्धारित है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here