Home Crime कुरुक्षेत्र में हाईवे पर दीवार निर्माण का प्रयास, प्रशासन ने कार्रवाई कर...

कुरुक्षेत्र में हाईवे पर दीवार निर्माण का प्रयास, प्रशासन ने कार्रवाई कर खुलवाया रास्ता

192
0

कुरुक्षेत्र | पिहोवा स्टेट हाईवे-6 पर मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ लोगों ने सड़क के बीचों-बीच ईंटों से दीवार बनानी शुरू कर दी। सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार और पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। अंततः पुलिस ने निर्माण कर रहे लोगों को हिरासत में लिया और रास्ता खुलवाया।

भूमि स्वामी का दावा – बिना मुआवजा लिए सड़क बनाई गई

दीवार निर्माण करवा रहे प्रितपाल सिंह ने बताया कि उनकी 22 मरले जमीन पर बिना कोई मुआवजा दिए सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) ने सड़क का निर्माण कर दिया था। इसको लेकर उन्होंने 2006 में सिविल कोर्ट में मुकदमा दायर किया, जिसमें 2018 में अदालत ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया। विभाग ने इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी, लेकिन 2023 में हाईकोर्ट ने भी प्रितपाल के हक में फैसला दिया। इसके बावजूद प्रशासन ने उन्हें जमीन का अधिकार नहीं सौंपा, जिससे आहत होकर उन्होंने सड़क पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया।

PWD का पक्ष – मुआवजा दिया जा चुका है, राशि को लेकर विवाद

PWD के एक्सईएन ऋषि सचदेवा ने बताया कि यह मामला काफी पुराना है। विभाग की ओर से जमीन अधिग्रहण के बाद कुछ हिस्से पर स्पष्ट स्थिति नहीं बनी और मुआवजे को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ। विभाग ने प्रितपाल सिंह को पहले 5.5 लाख रुपए मुआवजा दिया था, लेकिन वे संतुष्ट नहीं थे और उन्होंने कोर्ट से पुनः मुआवजे में बढ़ोतरी की मांग की। कोर्ट ने मुआवजा बढ़ाकर देने का आदेश दिया, जिसके खिलाफ विभाग ने हाईकोर्ट में अपील की, जो खारिज हो गई।

विभाग का आश्वासन – न्यायसंगत मुआवजा दिलवाया जाएगा

XEN ने आगे बताया कि विभाग की ओर से सेशन कोर्ट में भी अपील की गई थी, लेकिन वहां भी फैसला प्रितपाल सिंह के पक्ष में आया। उन्होंने बताया कि जो भी वैध मुआवजा बनता है, वह सरकार को प्रस्ताव भेजकर दिलवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्टेट हाईवे को अवरुद्ध करना गलत है और नागरिकों को कानून का पालन करना चाहिए। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद रास्ता फिर से खोल दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here