रेवाड़ी | रेवाड़ी जिले के भाकली गांव में फौजी के पिता बीरेंद्र की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राहुल उर्फ सीडी, दीपक, विनय और कुलदीप के रूप में हुई है, जो भाकली और भोतवास गांव के रहने वाले हैं। इनमें से दो आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है।
कोसली के डीएसपी विद्यानंद ने जानकारी देते हुए बताया कि इस हत्या मामले में कुल छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था, जिनमें से चार को हिरासत में लिया जा चुका है। राहुल उर्फ सीडी के खिलाफ भाकली थाना क्षेत्र में सात केस दर्ज हैं, जबकि कुलदीप पर भी कई मामले लंबित हैं।
डांस को लेकर शुरू हुआ विवाद, बन गया हत्याकांड
घटना 8 जून की रात की है, जब मृतक बीरेंद्र अपने बेटे को रेलवे स्टेशन छोड़कर घर लौट रहा था। उसी दौरान हमलावरों ने उसका पीछा कर घर तक पहुंचकर पहले गोली मारी और फिर कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर हत्या कर दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि एक कार्यक्रम में डांस को लेकर उसका अपने पड़ोसियों के साथ विवाद हुआ था, जो बाद में जानलेवा हमले में बदल गया।
पुलिस ने चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है, ताकि हत्या की पूरी साजिश की तह तक पहुंचा जा सके। फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं और अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दोनों को भी पकड़ लिया जाएगा।







