कुरुक्षेत्र,गुरदीप सिंह गुजराल-:महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में इस बार कुरुक्षेत्र में अग्रवाल समाज की ओर से चार दिवसीय भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।वैश्य अग्रवाल पंचायत सभा द्वारा आयोजित किए जाने वाले इन कार्यक्रमों को लेकर समाज के लोगों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।कार्यक्रमों का आयोजन 8 अक्टूबर से शुरू होकर 11 अक्टूबर तक चलेगा।इस दौरान अलग-अलग दिनों में सामाजिक,सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वैश्य अग्रवाल पंचायत सभा के मीडिया प्रभारी राधेश्याम गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह को पहले की अपेक्षा बड़े स्तर पर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों और युवाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।इनमें आर्ट प्रतियोगिता,डांस और कोरियोग्राफी सहित कई सांस्कृतिक गतिविधियां शामिल रहेंगी।उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान धार्मिक कार्यक्रमों का भी विशेष आयोजन होगा।समाज के 18 गोत्रों की परंपरा और एकता को दर्शाते हुए 18 कुंडीय हवन यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से समाज की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की जाएगी।समारोह में राजनीतिक,सामाजिक और औद्योगिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां भी शिरकत करेंगी। आयोजकों के अनुसार स्थानीय सांसद नवीन जिंदल, भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष तथा स्थानीय विधायक अशोक अरोड़ा सहित कई राजनीतिक एवं सामाजिक हस्तियों को कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा अग्रवाल समाज से जुड़े प्रमुख उद्योगपति और व्यवसायी भी समारोह में हिस्सा लेंगे।
राधेश्याम गर्ग ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समाज के विभिन्न वर्गों से संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने छत्तीस बिरादरी के लोगों से भी समारोह में शामिल होने की अपील की है। साथ ही अग्रवाल समाज के लोगों से आग्रह किया गया है कि वे अपने परिवार सहित कार्यक्रम में पहुंचकर महाराजा अग्रसेन के आदर्शों और समाज की एकता का संदेश दें।आयोजकों का कहना है कि महाराजा अग्रसेन जयंती केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने और नई पीढ़ी को महाराजा अग्रसेन के सिद्धांतों से जोड़ने का अवसर भी है।






