अंबाला (अंकुर कपूर): हरियाणा में किसान एक बार फिर सड़कों पर उतर आए हैं। इस बार वह सरकार के साथ आर- पार की लड़ाई का मन बना चुके हैं। बता दें कि शीतकालीन सत्र से पहले किसानों की मांगे सरकार तक पहुंचाने के लिए भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह द्वारा किसान अधिकार यात्रा निकाली जा रही है, जिसकी शुरुआत अंबाला के गांव पंजोखरा साहिब से हुई। 3 दिवसीय यह यात्रा 22 दिसंबर को हरियाणा की विधानसभा पहुंचेगी, जहां किसान अपना रोष जाहिर करेंगे।
अंबाला से शुरू हुई किसान अधिकारी यात्रा में सैंकड़ों किसान शामिल हैं। यात्रा 2 जगह पर रात्रि ठहराव करने के बाद पंचकुला होते हुए चंडीगढ़ पहुंचेगी। किसान नेताओं ने बताया कि 12 सितंबर को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और किसान प्रतिनिधि मंडल के बीच देह मुस्तरका शामलात जमीन को लेकर समझौता हुआ है, जिसे सरकार ने आज तक लागू नहीं किया। उसी समझौते को याद दिलाने के लिए हम विधानसभा घेराव करने जा रहे हैं। इसके अलावा अन्य कई मांगों का मांगपत्र भी सरकार को सौंपा जाएगा।







