हिसार। हरियाणा के हिसार में बुधवार देर रात बेखौफ बदमाशों ने कांवड़ यात्रा के दौरान दहशत फैलाते हुए भीड़ पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। विधायक सावित्री जिंदल के अस्पताल के नजदीक दयानंद कॉलोनी स्थित तिकोना पार्क और शिव मंदिर के पास हुई इस वारदात में एक दंपती और उनकी 12 वर्षीय बेटी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए 5 से 6 नकाबपोश बदमाशों ने शिव मंदिर के पास मौजूद कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भीड़ को निशाना बनाते हुए करीब छह राउंड फायरिंग की। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय दयानंद कॉलोनी निवासी गोविंद (36) अपनी पत्नी निशा (30) और 12 वर्षीय बेटी बीरा उर्फ गुन्नू के साथ अपने भांजे को छोड़ने के लिए शिव मंदिर के पास पहुंचे थे। उनका भांजा कांवड़ लेने जाने वाला था। इसी दौरान बदमाशों ने मौके पर पहुंचकर बिना किसी चेतावनी के गोलियां चलानी शुरू कर दीं। फायरिंग में गोविंद, उनकी पत्नी और बेटी गोली लगने से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को नजदीकी जिंदल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में तीनों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दो संदिग्ध बदमाशों की पहचान होने की बात सामने आई है, जिनके खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विकास कुमार ने बताया कि घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है।
दिनदहाड़े नहीं बल्कि देर रात धार्मिक माहौल के बीच हुई इस फायरिंग की घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







