हिसार | हिसार जिले के गांव तलवंडी राणा में रविवार रात एक गंभीर घटना सामने आई है। बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने शराब ठेके के सामने फायरिंग की और 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगते हुए एक पर्ची ठेके पर फेंककर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस और सीआईए की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, करीब 8:30 बजे बाइक सवार तीन युवक ठेके के पास पहुंचे। उनमें से एक युवक ठेके के अंदर आकर पर्ची फेंकने के साथ ही रंगदारी की मांग की। इस दौरान बाइक पर बैठे दूसरे युवक ने हवाई फायरिंग की, जिसके बाद पर्ची फेंकने वाले युवक ने भी एक बार फायर किया और तीनों युवक बाइक लेकर मौके से फरार हो गए।
इस पूरी घटना का वीडियो ठेके पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया है। पुलिस अब फुटेज की मदद से बदमाशों की पहचान करने में लगी है। शुरुआती जांच में इसे संगठित गिरोह की कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है।







