नूंह। हरियाणा के रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत और सौगात की खबर सामने आई है। नूंह जिले के मेवात क्षेत्र में पहली बार यात्री ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है। यह ऐतिहासिक पहल केंद्र सरकार द्वारा दिल्ली-सोहना-नूंह-फिरोजपुर झिरका-अलवर रेल लाइन को मंजूरी दिए जाने के बाद संभव हो पाई है।
2500 करोड़ की लागत से तैयार होगा रेल प्रोजेक्ट
इस बहुप्रतीक्षित रेलवे प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत करीब ₹2500 करोड़ तय की गई है। केंद्र सरकार ने इसे औपचारिक रूप से मंजूरी दे दी है। इस रेलमार्ग की मांग पिछले कई दशकों से उठाई जा रही थी।
50 साल बाद साकार हुआ पुराना सपना
इस रेल लाइन की नींव वर्ष 1971 में उस समय पड़ी थी, जब गुड़गांव से सांसद रहे स्व. चौधरी तय्यब हुसैन ने क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को लेकर आवाज उठाई थी। उसी वर्ष केंद्र ने इस प्रस्ताव पर सर्वेक्षण भी करवाया था, लेकिन परियोजना धरातल पर नहीं उतर सकी। अब लगभग 50 वर्षों बाद यह सपना आखिरकार हकीकत में बदल रहा है।
क्षेत्र में खुशी की लहर, लोगों ने बताया ‘विकास की दिशा में मील का पत्थर’
रेल परियोजना को हरी झंडी मिलने के बाद पूरे मेवात क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय निवासियों ने इस फैसले को विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए केंद्र सरकार का आभार जताया। क्षेत्रवासियों का मानना है कि इस रेल नेटवर्क से नूंह और आसपास के इलाकों को देश के प्रमुख शहरों से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे रोजगार और व्यापार के नए अवसर भी बनेंगे।







