हिसार I हिसार के गांव दौलतपुर के पास शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक पर सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा घायल हो गया। घायल युवक को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
कनोह निवासी अभिषेक ने बताया कि वह अपनी मां सोनिया के साथ बाइक पर उकलाना जा रहा था। उसकी मां को अक्सर सिरदर्द की शिकायत रहती थी। इसी वजह से वह दवा लेने के लिए उन्हें लेकर जा रहा था। शाम करीब सात बजे जब वे गांव दौलतपुर के पास पहुंचे, तो सामने से गलत दिशा में तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि अभिषेक और उसकी मां सड़क पर गिर गए। गिरने के कारण सोनिया के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि अभिषेक भी घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने दोनों को उकलाना के अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां चिकित्सकों ने सोनिया को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है। महिला के शव का पोस्टमार्टम बुधवार को कराया जाएगा।







