सोनीपत | जिले में तेज बारिश के साथ गिरी आसमानी बिजली ने दो परिवारों पर दुखों का पहाड़ गिरा दिया। अलग-अलग इलाकों में हुए दो हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
पहली घटना मुरथल थाना क्षेत्र के गांव गयासपुर की है, जहां खेत में काम कर रही महिलाएं बारिश के चलते घर लौट रही थीं। इसी दौरान अचानक बिजली गिरने से 37 वर्षीय सुषमा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मीना नामक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दूसरी घटना खरखौदा क्षेत्र के गांव सिसाना से सामने आई, जहां एक ईंट भट्ठे पर काम कर रहे मजदूर पप्पू पर आसमानी बिजली गिर गई। हादसे के वक्त वह कच्ची ईंटें बना रहा था। बिजली गिरने से पप्पू बुरी तरह झुलस गया। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रशासन ने दोनों मामलों में शोक व्यक्त करते हुए आवश्यक सहायता देने की बात कही है।







