Home Haryana आदमपुर में दुकान नंबर 106-107 की जगह बना भव्य महल, कुलदीप बिश्नोई...

आदमपुर में दुकान नंबर 106-107 की जगह बना भव्य महल, कुलदीप बिश्नोई के गृह प्रवेश की तैयारियां पूरी

22
0

आदमपुर, हरियाणा। आदमपुर अनाज मंडी की दुकान नंबर 106-107, जो पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौधरी भजनलाल की राजनीतिक और जनसेवा गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रही है, अब नए स्वरूप में नजर आएगी। इन दुकानों की जगह राजस्थानी स्थापत्य कला की शैली में एक भव्य महलनुमा भवन तैयार किया गया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई के इस नवनिर्मित भवन में बुधवार को गृह प्रवेश समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह को लेकर आदमपुर में व्यापक तैयारियां की गई हैं और क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।

आयोजन के लिए आदमपुर अनाज मंडी से लेकर समारोह स्थल तक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में आने वाले करीब 50 हजार लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। समारोह में प्रदेश और देश के कई राजनीतिक नेताओं, सामाजिक हस्तियों और गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना है।

दुकान नंबर 106-107 का आदमपुर की राजनीति में विशेष महत्व रहा है। दशकों तक चौधरी भजनलाल इसी स्थान पर बैठकर आम लोगों की समस्याएं सुनते थे। दूर-दराज के क्षेत्रों से लोग यहां पहुंचकर उनसे मुलाकात करते और अपनी शिकायतें व समस्याएं रखते थे। धीरे-धीरे यह स्थान भजनलाल परिवार की राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन गया।

नवंबर 2022 में आदमपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने भाषण में इस दुकान पर ताला लगाने की बात कही थी। इस बयान पर कुलदीप बिश्नोई ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि इस जनसेवा केंद्र को बंद करने के बजाय और अधिक मजबूत व बड़ा बनाया जाएगा। अब उसी स्थान पर भव्य इमारत का निर्माण किया गया है, जो अपने पुराने राजनीतिक इतिहास और नए स्वरूप के कारण चर्चा में है।

नवनिर्मित भवन को केवल आवास के रूप में तैयार नहीं किया गया है, बल्कि इसमें जनसेवा से जुड़ी सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है। भवन के प्रथम तल पर जनसेवा कार्यालय बनाया गया है, जहां क्षेत्र के लोग पहुंचकर अपनी समस्याएं रख सकेंगे। इसके ऊपर बैठक हॉल तैयार किया गया है, जबकि सबसे ऊपरी हिस्से में आवास और जिम की व्यवस्था की गई है। राजस्थानी स्थापत्य शैली में निर्मित इस भवन का बाहरी स्वरूप इसे महल जैसी भव्य पहचान देता है।

गृह प्रवेश समारोह के लिए आदमपुर अनाज मंडी के तीन शेड में विशेष इंतजाम किए गए हैं। इनमें से दो शेड मेहमानों के भोजन और एक शेड भोजन तैयार करने के लिए निर्धारित किया गया है। समारोह स्थल पर पीले रंग के टेंट लगाए गए हैं। इस सजावट ने पुराने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को हरियाणा जनहित कांग्रेस (हजकां) के राजनीतिक दौर की याद दिला दी है। उस समय पीला रंग पार्टी की प्रमुख पहचान हुआ करता था।

समारोह की शुरुआत बिश्नोई परंपराओं और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-यज्ञ से होगी। आयोजन में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और अन्य गणमान्य लोगों के पहुंचने की संभावना है।

मेहमानों के खानपान के लिए भी बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। आयोजकों के मुताबिक, करीब 50 टीन यानी लगभग 20 मण शुद्ध देसी घी से हलवा तैयार करवाया गया है। इसके साथ बिश्नोई परंपरा के विशेष व्यंजन कढ़ी-चूरमा को भी भोज में शामिल किया गया है। मेहमानों के लिए शाही पनीर, सरसों का साग, आलू-जीरा, दाल मखनी और रायता सहित कई व्यंजन तैयार किए जाएंगे। मिठाइयों में देसी घी की गर्मागर्म जलेबी और लड्डू परोसे जाएंगे।

राजस्थानी स्थापत्य कला, बिश्नोई परंपराओं, पीले रंग की सजावट और पारंपरिक खानपान के साथ कुलदीप बिश्नोई का यह गृह प्रवेश समारोह आदमपुर में एक बड़े आयोजन के रूप में देखा जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here