पलवल,8 फरवरी : दिल्ली के चुनाव नतीजों में बीजेपी की जीत को लेकर कार्यकर्ताओ में खुशी की लहर दिखाई दी। हरियाणा खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम के निवास स्थान पर ढोल नगाड़ों के साथ मिठाइयां बांटी गई।इस अवसर पर खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में हो रही है। भाजपा पार्टी को पूर्ण विश्वास था कि अबकी बार दिल्ली में कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोग बदलाव चाहते थे। वहां के लोगों ने वोट की चोट से यह बदलाव कर दिखाया है।
गौरव गौतम ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की भ्रष्ट,झूठी और भ्रम फैलाने वाली सरकार को चलता करने का काम किया है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में दिल्ली को एक अच्छा नेतृत्व मिलेगा। दिल्ली विकास के नए पथ पर अग्रसर होगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से केंद्र सरकार द्वारा देश में विकास किया जा रहा है उसी प्रकार दिल्ली में भी विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएगें। दिल्ली विश्व के मानचित्र पर चमकती हुई नजर आएगी।गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाइयों को छूएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जीत को लेकर पार्टी के कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह बना हुआ है। दिल्ली की जीत का श्रेय पार्टी के कार्यकर्ताओं को जाता है जिन्होंने चुनावों में दिन रात मेहनत कर दिल्ली में कमल खिलाने का कार्य किया है।
आम आदमी पार्टी पर साधा निशाना
दिल्ली जीत को लेकर गौरव गौतम ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली की जनता ने एक अराजकता फैलाने वाली सरकार को सत्ता से बाहर करने का कार्य किया है।उन्होंने कहा कि भाजपा की नीति और नीयत ठीक है। भाजपा की नीतियों पर लोग भरोसा करते है। यही कारण है कि देश के विभिन्न राज्यों में भाजपा की सरकार है। उन्होंने कहा कि देश को विकास में आगे ले जाने के लिए तथा सनातन संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए भाजपा सरकार सकारात्मक सोच के साथ कार्य कर रही है।







