जींद | जींद जिले के किशनपुरा गांव में पारिवारिक विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया जब एक व्यक्ति ने अपनी भाभी की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी देवर हुकुमचंद को गिरफ्तार कर लिया है और अदालत से एक दिन का रिमांड भी हासिल कर लिया गया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 8 मई को सूचना मिली थी कि सुनीता नाम की महिला को गंभीर हालत में नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बेटे रोहित के बयान दर्ज किए।
रोहित ने बताया कि घटना के समय वह और उसकी मां घर पर थे जबकि उसके पिता और भाई बाजार गए हुए थे। चाचा हुकुमचंद, जो शराब के नशे में था, ने गली में जाते समय सुनीता पर अचानक चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को पकड़कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए पारिवारिक विवाद को इसकी वजह बताया है।







