Home Haryana सांसद जयप्रकाश का भाजपा सरकार पर हमला: ’28 हजार रोजगार का दावा...

सांसद जयप्रकाश का भाजपा सरकार पर हमला: ’28 हजार रोजगार का दावा झूठा, युवाओं के साथ छल’

117
0

हिसार | कांग्रेस सांसद जयप्रकाश ने उचाना और बड़ौदा में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हिसार एयरपोर्ट उद्घाटन अवसर पर किए गए 28 हजार युवाओं को बिना खर्चे और सिफारिश के रोजगार देने के दावे को भ्रामक करार दिया। साथ ही, सांसद ने HKRN कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने जैसे मुद्दों को लेकर भी सरकार की आलोचना की।

सांसद जयप्रकाश ने कहा कि भाजपा द्वारा किए गए वादों से जनता अब ऊब चुकी है, क्योंकि अधिकांश वादे केवल झूठे साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हिसार एयरपोर्ट के उद्घाटन पर 28 हजार युवाओं को रोजगार देने का दावा किया था, लेकिन वास्तविकता यह है कि HKRN के हजारों कर्मचारियों को हटाया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि एक को रोजगार देकर दूसरे को नौकरी से हटाया जा रहा है, तो यह किस प्रकार की नीति है? जयप्रकाश ने यह भी आरोप लगाया कि अब भी कई युवाओं को उनके कार्यस्थल आवंटित नहीं किए गए हैं।

पांच साल में एक बार डीग्रुप की भर्तियां

जयप्रकाश ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह पांच वर्षों में केवल एक बार डी-ग्रुप के पदों पर भर्तियां करती है और उसे भी निष्पक्ष बताती है। उन्होंने कहा कि वास्तविकता इसके विपरीत है, और भाजपा शासन में रिश्वतखोरी का बोलबाला है। सांसद ने चुनौती दी कि भाजपा का कोई भी नेता इस मुद्दे पर खुले मंच पर उनसे बहस करे। उन्होंने हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के एक वरिष्ठ अधिकारी के पास से तीन करोड़ रुपये बरामद होने की घटना का भी हवाला दिया।

ठाडा मारै रोण दे नी, खाट खोसले सोण दे नी

हरियाणवी कहावत का उल्लेख करते हुए सांसद जयप्रकाश ने कहा कि भाजपा सरकार रोजगार देने का वादा कर युवाओं से धन ऐंठती है, लेकिन अंततः उन्हें नौकरी नहीं देती। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा के युवाओं के अधिकारों का हनन करते हुए अन्य राज्यों के उम्मीदवारों को A और B श्रेणी के पदों पर नियुक्त किया गया।

सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

पहलगाम आतंकी हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए जयप्रकाश ने कहा कि सरकार नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कायराना हमलों की भरपाई संभव नहीं है और सरकार को अब सख्त कदम उठाने चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here