नारनौल | हरियाणा के नारनौल जिले के नांगल चौधरी क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां गांव मुलोदी के सरपंच पर अपने साथियों के साथ मिलकर एक घर पर हमला करने और रिटायर्ड आर्मी कैप्टन राम सिंह की हत्या करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने परिवार के अन्य सदस्यों को भी लाठी-डंडों से पीटा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आधी रात को घर में घुसकर किया हमला
मृतक के बेटे रामपाल, जो हरियाणा पुलिस में कार्यरत हैं, ने बताया कि घटना बीती रात की है। रात लगभग 12 बजे गांव का सरपंच चार-पांच अन्य लोगों के साथ उनके घर पहुंचा। आरोपी दीवार कूदकर घर में दाखिल हुए और हमला शुरू कर दिया। रामपाल के अनुसार, आरोपियों ने उनके पिता राम सिंह के सिर पर लाठी से हमला किया और लात-घूंसे मारे, जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
चुनावी रंजिश का शक
रामपाल ने दावा किया कि उन्होंने पंचायत चुनाव में आरोपी सरपंच को वोट नहीं दिया था, जिसके चलते यह हमला किया गया। उन्होंने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। सभी आरोपी वारदात के बाद फरार बताए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा चुकी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







