हिसार (एकता): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व और दूरगामी सोच के चलते प्रदेश सरकार किसानों के कल्याणार्थ नई-नई योजनाएं चला रही हैं। इनके बेहतर परिणाम सामने आ रहे हैं। इन्हीं योजनाओं का नतीजा है कि प्रदेश के मेहनती किसान कृषि क्षेत्र में नई-नई ऊंचाइयां प्राप्त कर रहे हैं। इसी कड़ी में चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार में 8 से 10 अक्टूबर, 2023 तक ‘हरियाणा कृषि विकास मेला’ आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में अपने उत्पादों को करेंगी प्रदर्शित
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ 8 अक्टूबर को हरियाणा कृषि विकास मेले के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। वहीं दूसरी ओर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल 10 अक्टूबर, 2023 को समापन समारोह की अध्यक्षता करेंगे। मेले में हजारों की संख्या में दर्शक पहुंचेंगे। प्रदेश सरकार द्वारा मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल 4 जुलाई, 2019 से संचालित किया जा रहा है। फसल विविधीकरण करने वाले किसानों को 7,000 रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से लगभग 118 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खातों में जमा करवाई गई है।
एमएसपी पर 14 फसलों की खरीद करने वाला देश का पहला राज्य है हरियाणा
किसानों की फसलों की एमएसपी पर खरीद और फसल का भुगतान तय समय में सुनिश्चित किया है। खरीदी गई फसल का भुगतान कुछ ही घंटों के अंदर किसानों के खातों में कर दिया जाता है। एमएसपी पर 14 फसलों की खरीद करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। किसानों की फसल खराब होने पर मुआवजा राशि 10,000 रुपए से बढ़ाकर 15,000 रुपए की गई है।







