Home Hisar एचएयू के गिरी सेंटर में होगी 5वीं एलिट हरियाणा स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप...

एचएयू के गिरी सेंटर में होगी 5वीं एलिट हरियाणा स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आगाज

255
0
हिसार, 13 दिसंबर : हिसार के कैमरी रोड स्थित एडवोकेट मनोज कुश के कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेेस में घोषणा की गई कि 5वीं सीनियर एलिट हरियाणा स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन 14 दिसंबर से 18 दिसंबर 2024 तक चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) के गिरी सेंटर स्थित बॉक्सिंग हॉल में किया जाएगा। इस चैंपियनशिप का आयोजन हरियाणा बॉक्सिंग संघ, क्रीड़ा भारती और एचएयू के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता का शुभारंभ राज्यसभा सांसद एवं पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला मुख्य अतिथि के तौर पर करेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में एचएयू के वाइस चांसलर प्रोफेसर बी.आर. कंबोज, बीजेपी जिला परिषद के चेयरमैन सोनू सिहाग और क्रीड़ा भारती के प्रांत मंत्री डॉ. राजेंद्र कड़वासरा मौजूद रहेंगे। इस आयोजन में प्रदेश भर से अनेक बॉक्सिंग खिलाड़ी विभिन्न भार वर्ग में भाग लेंगे।
पत्रकार वार्ता में एडवोकेट मनोज कुश, उपाध्यक्ष, यूथ बॉक्सिंग एसोसिएशन, हिसार ने कहा कि यह चैंपियनशिप केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एक ऐसा मंच है, जो बॉक्सिंग के खेल में प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का अवसर देता है। बॉक्सिंग केवल खेल नहीं, बल्कि साहस, संघर्ष और सपनों की कहानी है, जिसे हर पंच के साथ लिखा जाता है। हरियाणा बॉक्सिंग संघ के महासचिव रविंद्र पान्नू ने कहा कि सरकार को खेल संघों की अधिक मदद करनी चाहिए। अच्छे प्रदर्शन करने वाली एसोसिएशनों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार और समर्थन दिया जाना चाहिए, ताकि वे खिलाडिय़ों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवा सकें। उन्होंने व्यवसायी वर्ग से अपील करते हुए कहा कि कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड का एक हिस्सा खेल गतिविधियों के लिए आवंटित किया जाना चाहिए। इससे खिलाडिय़ों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वे नशे से दूर रहेंगे और खेल के प्रति प्रेरित होकर प्रदेश व देश का नाम रोशन करेंगे।
हरियाणा बॉक्सिंग संघ के प्रधान मेजर सत्यपाल सिंधु ने बताया कि यह संघ अब तक 4 चैंपियनशिप सफलतापूर्वक आयोजित कर चुका है। हरियाणा के खिलाड़ी न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना रहे हैं। संघ का उद्देश्य खिलाडिय़ों को नई तकनीकों से अवगत कराना और उनके खेल को निखारना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here