Home Ambala ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद अनिल विज ने विकास परियोजनाओं...

ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद अनिल विज ने विकास परियोजनाओं को लेकर अधिकारियों के साथ की बैठक

131
0
अम्बाला, 11 अक्टूबर- अम्बाला छावनी विधानसभा से नवनिर्वाचित विधायक  अनिल विज ने सातवीं बार ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद नगर परिषद अम्बाला सदर के अधिकारियों के साथ बैठक की और  विकास कार्यों को लेकर समीक्षा की।अनिल  विज ने बैठक में नगर परिषद अधिकारियों के साथ अम्बाला छावनी में चल रहे विकास कार्यों को लेकर जानकारी हासिल की और  दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अलॉट हुए टेंडरों के कार्य तत्काल प्रभाव से प्रारंभ करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और  अधिकारी सुनिश्चित करें की विकास कार्य तय समय में पूरे हों। उन्होंने कहा कि सड़कों के जो निर्माण कार्य शेष रह गए हैं उन्हें जल्द पूरा किया जाए।
अनिल विज ने  अम्बाला छावनी में सफाई व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए और कहा कि छावनी में सफाई व्यवस्था पहले से भी ज्यादा दुरुस्त की जाए। इसके अलावा उन्होंने स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज प्रोजेक्ट, सीवरेज प्रोजेक्ट, स्वामित्व योजना के तहत नगर परिषद की किराए की दुकानों की रजिस्ट्री दुकानदारों के नाम करवाने एवं अन्य विकास की परियोजनाओं को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर नगर परिषद के कई अधिकारी मौजूद रहे।
नवनिर्वाचित विधायक के आवास पर बधाई देने वालों का लग रहा तांता
वहीं अम्बाला छावनी विधानसभा से नवनिर्वाचित विधायक एवं पूर्व मंत्री अनिल विज के आवास पर प्रतिदिन उन्हें बधाईयां देने वालों का तांता दिनभर लगा रहा। प्रात: से ही अम्बाला छावनी विधानसभा क्षेत्र एवं प्रदेश के कोने-कोने से उनके चाहने वाले लोग फूलों के गुलदस्ते लेकर उनके आवास पर पहुंच रहे थे। अम्बाला छावनी से पूर्व मंत्री अनिल विज की सातवीं ऐतिहासिक जीत पर उन्हें लोगों ने जमकर बधाईयां दी और ढोल-नगाड़ों की थाप पर जीत का जश्न मनाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here