Home Haryana
6
0

हांसी में पूर्व सरपंच पर हमला, मौजूदा सरपंच समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज

हांसी। ढाणी कुम्हारान के 70 वर्षीय पूर्व सरपंच नंदलाल पर हुए हमले के मामले में सदर थाना पुलिस ने मौजूदा सरपंच अनूप समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पूर्व सरपंच ने आरोप लगाया है कि जमीन विवाद की पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने रास्ते में घेरकर उन पर हमला किया। घायल नंदलाल का हांसी के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस को दी शिकायत में दो बार सरपंच रह चुके नंदलाल ने बताया कि सुबह करीब पौने पांच बजे वह रोजाना की तरह सैर के लिए घर से निकले थे। सुबह करीब पांच बजे जब वह ढाणा खुर्द रोड पर भिवानी बाईपास पुल के नीचे पहुंचे तो वहां सुरेंद्र उर्फ बदलू, अनूप, दिलबाग, गुलशन और कर्मबीर पहले से मौजूद थे। आरोप है कि पांचों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी।

नंदलाल के अनुसार, सुरेंद्र ने उनके हाथों पर और कर्मबीर ने पैरों पर लोहे की रॉड से वार किए, जबकि अन्य आरोपियों ने लात-घूंसों से उनकी पिटाई की। उन्होंने आरोप लगाया कि हमले में उनके दोनों हाथ और पैर टूट गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे किसी वाहन की रोशनी पड़ने पर आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद नंदलाल ने अपने बेटे ऋषि को फोन कर सूचना दी। बेटे ने डायल-112 पर पुलिस को घटना की जानकारी दी और घायल पिता को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। शिकायत के आधार पर सदर थाना पुलिस ने मौजूदा सरपंच अनूप सहित पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here