हिसार। हरियाणा में सर्दी का असर लगातार बढ़ रहा है। रात के तापमान में गिरावट के साथ कई इलाकों में स्मॉग की स्थिति भी गंभीर होने लगी है। राजस्थान सीमा से सटे हिसार जिले के बालसमंद में प्रदेश की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। यहां न्यूनतम तापमान गिरकर 8.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, प्रदेश के कई अन्य शहरों में भी रात का तापमान 10 डिग्री के आसपास बना हुआ है।
ठंड के साथ हवा की गुणवत्ता भी चिंता का विषय बन रही है। स्मॉग के कारण प्रदेश के कई शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) खराब स्तर पर पहुंच गया है। धारूहेड़ा में एक्यूआई 277 दर्ज किया गया, जबकि भिवानी में यह 268 रहा। हिसार और गुरुग्राम में भी वायु गुणवत्ता सूचकांक 246 दर्ज किया गया। हवा में प्रदूषण का स्तर बढ़ने से लोगों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है।
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, प्रदेश में 28 नवंबर तक मौसम सामान्य रूप से खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान बीच-बीच में हल्के बादल छा सकते हैं। उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिशा से हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलने का अनुमान है। इसके प्रभाव से रात के तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, जबकि दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय हल्की से मध्यम धुंध छाई रह सकती है। ऐसे में खासकर अलसुबह सड़कों पर सफर करने वाले वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है। रात के तापमान में और गिरावट आने से ठंड बढ़ सकती है, जबकि दिन में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रदेश के विभिन्न शहरों में न्यूनतम तापमान की बात करें तो नारनौल में 9 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 9.5 डिग्री और हिसार शहर में 10.4 डिग्री दर्ज किया गया। भिवानी में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री, सिरसा में 11 डिग्री और रोहतक में 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इन सभी शहरों के मुकाबले हिसार के बालसमंद में रात सबसे अधिक ठंडी रही, जहां पारा 8.9 डिग्री तक लुढ़क गया।







