चंडीगढ़ | हरियाणा में पांच नए जिलों के गठन को लेकर फिलहाल बड़ी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने इस प्रक्रिया को फिलहाल अगले तीन वर्षों के लिए टाल दिया है। अब इस पर कोई ठोस निर्णय केंद्र सरकार द्वारा जातिगत जनगणना के बाद ही लिया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली सरकार ने अभी तक केवल दो प्रस्तावित जिलों—हांसी (जिला हिसार) और गोहाना (जिला सोनीपत)—पर ही प्राथमिकता के साथ मंथन किया है।
कैबिनेट सब-कमेटी की बैठक भी नहीं बुलाई गई
सूत्रों की मानें तो जाति आधारित जनगणना के मद्देनज़र सरकार की ओर से गठित कैबिनेट सब-कमेटी की जून महीने में एक भी बैठक नहीं हुई है। 30 जून को इस सब-कमेटी का कार्यकाल भी समाप्त हो रहा है। ऐसे में अब 2027 या 2028 में नई सब-कमेटी के गठन के बाद ही इस विषय पर फिर से विचार संभव होगा।
इन क्षेत्रों को बनाया जा सकता है जिला
जिन क्षेत्रों को लेकर जिला गठन की तैयारी चल रही थी, उनमें शामिल हैं:
- हांसी (हिसार)
- डबवाली (सिरसा)
- असंध (करनाल)
- सफीदों (जींद)
- गोहाना (सोनीपत)
इनमें हांसी और डबवाली को पहले ही पुलिस जिला घोषित किया जा चुका है। वहीं गुरुग्राम के मानेसर को भी अलग जिला बनाने की मांग उठी है, लेकिन आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी न होने के कारण फिलहाल यह मामला लंबित है।







