अंबाला, 20 सितम्बर : भाजपा प्रत्याशी असीम गोयल ने अपने चुनाव प्रचार की रफ्तार अब तेज कर दी है। असीम गोयल शहर और गांव के क्षेत्र को एक साथ साध रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को असीम गोयल ने दोपहर तक गांव मैतला, जनसुआ, अधोमाजरा, गोबिंदगढ़ और सारंगपुर में जनसभाएं कर लोगों से मत की अपील की। विभिन्न गांवों में पहुँचने पर ग्रामीणों ने असीम गोयल का जोरदार स्वागत किया। वहीं आज अम्बाला में आम आदमी पार्टी को भी बड़ा झटका लगा है। अम्बाला शहर क्षेत्र में भाजपा का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में अब विरोधी खेमों के नेता भी भाजपा में शामिल होने लगे हैं।
अम्बाला में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। अम्बाला शहर से आम आदमी पार्टी की टिकट के प्रबल दावेदार एवं अम्बाला लोकसभा क्षेत्र के उप प्रधान सुखजीत सिंह (जिम्मी) ने सैंकड़ों समर्थकों सहित आम आदमी पार्टी को छोड़कर भाजपा का दामन थामा। जिन्हें भाजपा के प्रत्याशी असीम गोयल ने खुद पार्टी का पटका पहनाकर भाजपा में शामिल किया। इस दौरान असीम गोयल ने कहा कि अम्बाला में भाजपा का परिवार निरंतर बड़ा हो रहा है। आमजन और विभिन्न राजनितिक लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सैनी की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा में आ रहे हैं। वहीं भाजपा में शामिल हुए आप नेता ने कहा कि अम्बाला में भाजपा को विजय दिलवाने के लिए उनकी टीम दिन रात एक कर देगी।







