करनाल | नरूखेड़ी गांव के रहने वाले पंकज (35) की अमेरिका में इलाज के दौरान मौत हो गई। पंकज दो साल पहले लगभग 40 लाख रुपये खर्च कर डंकी रूट से अमेरिका गया था। वहां शुरू में उसने एक स्टोर पर नौकरी की, फिर ट्रक ड्राइवर के रूप में काम करने लगा। पिछले दो महीनों से वह कैलिफोर्निया के फ्रेज्नो शहर के कम्युनिटी रीजनल मेडिकल सेंटर में भर्ती था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
आर्थिक तंगी से जूझ रहा परिवार, सरकार से लगाई मदद की अपील
परिजनों ने बताया कि पंकज को अमेरिका भेजने के लिए डेढ़ एकड़ जमीन बेचनी पड़ी थी और अब तक पूरी रकम भी वसूल नहीं हो पाई थी। परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर है कि वे अमेरिका से शव भारत लाने का खर्च वहन नहीं कर सकते। परिजनों ने राज्य और केंद्र सरकार से अपील की है कि उनके बेटे के शव को वापस लाने में मदद की जाए ताकि गांव में अंतिम संस्कार किया जा सके और मासूम बच्चे अपने पिता के अंतिम दर्शन कर सकें।







