अम्बाला, 1 सितम्बर – हरियाणा के पूर्व गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा अम्बाला छावनी विधायक अनिल विज की कार्यशैली से प्रभावित होकर रविवार को अम्बाला छावनी विधानसभा के अलग-अलग क्षेत्रों से भारी संख्या में युवाओं ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा विज ने सभी युवाओं को भाजपा के पटके पहनाते हुए पार्टी में उनका स्वागत करते हुए कहा कि युवा पार्टी की रीढ़ है और युवाओं के पार्टी के साथ जुड़ने से उन्हें मजबूती मिलेगी। उन्होंने युवाओं को पार्टी के लिए बढ़चढ़कर कार्य करने का आह्वान किया।
पार्टी में शामिल हुए युवाओं ने बताया कि पूर्व मंत्री अनिल विज की बदौलत आज अम्बाला छावनी दिन-रात तरक्की के मार्ग पर अग्रसर है। छावनी में विकास के इतने कार्य हुए हैं जिनका जनता को लाभ मिल रहा है। पूर्व सरकारों ने अम्बाला छावनी को हमेशा नजरअंदाज किया, मगर अनिल विज की बदौलत छावनी में विकास का पहिया लगातार दौड़ रहा है। उन्होंने बताया सुभाष पार्क सैर-सपाटा करने के लिए आज नंबर एक स्थान बन गया है और बाहर से लोग हमारे शहर में आ रहे हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य सुविधाओं में इजाफा हुआ है और सिविल अस्पताल में आज दूसरे राज्यों से लोग ईलाज कराने के लिए पहुंच रहे हैं। इसी प्रकार अन्य क्षेत्रों में विकास कार्य हुए हैं जिनका जनता को लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि अनिल विज की कार्यप्रणाली से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा का दामन थामा है।







