नई दिल्ली। केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि मेट्रो को नागरिकों की पहली पसंद बनाने के लिए यात्रियों को घर से लेकर उनके अंतिम गंतव्य तक निर्बाध और सुविधाजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना जरूरी है। इसके लिए फर्स्ट एंड लास्ट माइल कनेक्टिविटी को मजबूत करने, फीडर सेवाओं को बेहतर बनाने और परिवहन के विभिन्न साधनों के बीच तालमेल बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
मनोहर लाल की अध्यक्षता में नई दिल्ली में मेट्रो सेवाओं के विस्तार और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेट्रो स्टेशनों तक पहुंच आसान बनाने और वहां से यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मेट्रो शहरी परिवहन व्यवस्था का महत्वपूर्ण माध्यम है, लेकिन यात्रियों के लिए स्टेशन तक पहुंचना और वहां से आगे की यात्रा करना भी उतना ही जरूरी है। कई बार उचित परिवहन साधन उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। ऐसे में मेट्रो यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए पूरी परिवहन व्यवस्था को आपस में जोड़ना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि मेट्रो स्टेशनों को आसपास के आवासीय क्षेत्रों, व्यावसायिक केंद्रों और अन्य प्रमुख स्थानों से बेहतर तरीके से जोड़ने में फीडर सेवाओं की अहम भूमिका है। बसों, फीडर वाहनों और परिवहन के अन्य साधनों के बीच बेहतर समन्वय होने से यात्रियों का समय बचेगा और निजी वाहनों पर निर्भरता भी कम हो सकती है।
मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार का प्रयास है कि मेट्रो यात्रा तेज और सुविधाजनक होने के साथ-साथ घर से गंतव्य तक निर्बाध बने। इसके लिए यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए परिवहन व्यवस्था के विभिन्न साधनों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने और सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।







