सिरसा, 2 सितम्बर : पूर्व गृह राज्यमंत्री गोपाल कांडा ने आज सिरसा जिला स्थापना दिवस पर चुनावी शंखनाद किया। उन्होंने जन आशीर्वाद यात्रा निकाली जिसमें अपार भीड़ जुटी और अपना आशीर्वाद विधायक गोपाल कांडा को दिया। भाजपा नेता गोबिंद कांडा के संयोजन में इस जन आशीर्वाद यात्रा का आयोजन किया गया था। दिल्ली पुल के नजदीक स्थित निजी पैलेस में बड़ी संख्या में सिरसा के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र से जनता पहुंची। यहां से गोपाल कांडा ने शंख बजाकर अपने चुनावी अभियान का शंखनाद किया।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक गोपाल कांडा ने समस्त सिरसा वासियों को जिला स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि विकास पुरूष चौ. बंसीलाल जी की कलम से एक सितम्बर 1975 को सिरसा जिला बना था। गोपाल कांडा ने कहा कि समाज और सनातन की सेवा तथा गाय एवं गरीब की सेवा का संकल्प उन्होंने लिया था। उस संकल्प पर वे अडिग हैं। नई ऊर्जा और नए जोश के साथ वे सिरसा के जन-जन के साथ सिरसा को विकास के पथ पर और आगे ले जाएंगे। उन्होंने विरोधियों के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि धर्मशालाओं, गौशालाओं और गरीबों, जरूरतमंदों के लिए उनके खजाने में कोई कमी नहीं है। वे सदैव ऐसे सेवा कार्य करते आ रहे हैं और आगे भी धर्म, सनातन और समाज की सेवा में तत्पर रहेंगे। विधायक गोपाल कांडा ने जन आशीर्वाद यात्रा के माध्यम से चुनावी शंखनाद करने पहुंचे सिरसा के तमाम लोगों का दिल से आभार जताया। उन्होंने कहा कि पूरा कांडा परिवार उनका सदैव आभारी रहेगा। उन्होंने सिरसा में हुए करोड़ों के विकास कार्यों पर भी चर्चा की और कहा कि सिरसावासी उनका परिवार है। चाहे कोरोना संकट रहा या कोई अन्य कार्य सिरसा की जनता के साथ मिलकर उन्होंने संकट का एक जुटता से मुकाबला किया है।







