पलवल,सुन्दर कुंडू -:शिक्षा विभाग की ओर से सोमवार को पलवल के नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में जिला स्तरीय योग ओलंपियाड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जिले के पलवल,होडल, हथीन और हसनपुर ब्लॉकों के सरकारी स्कूलों के करीब 80 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में मौजूद सहायक जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी जसवीर तेवतिया ने बताया कि शिक्षा विभाग लगातार स्कूल स्तर पर योग को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक और आत्मिक संतुलन बनाए रखने का भी एक प्रभावी माध्यम है। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के विद्यार्थियों ने योगासन प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा दिखाई।उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय योग प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा, जहां वे पलवल जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही इस पहल से बच्चों में योग के प्रति रुचि बढ़ रही है और वे स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं।प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए।योग खिलाड़ी विनीता ने बताया कि योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है और मन शांत रहता है।उन्होंने कहा कि नियमित योग अभ्यास से आत्मविश्वास बढ़ता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा आती है। वहीं प्रतिभागी आंचल ने कहा कि आज के समय में हर व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में योग को शामिल करना चाहिए।योग हमारी प्राचीन संस्कृति और धरोहर का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखने को मिला। शिक्षकों और अभिभावकों ने भी बच्चों का हौसला बढ़ाया।कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में भी योग से जुड़े रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।







