फरीदाबाद। एनआईटी फरीदाबाद के नंबर-5 इलाके में स्थित महिला एवं बाल विकास विभाग के बाल सुधार गृह से तीन नाबालिग बाल बंदियों के फरार होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि तीनों देर रात बाथरूम की खिड़की तोड़कर बाहर निकले और इसके बाद मुख्य गेट से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही बाल सुधार गृह और संबंधित विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, फरार हुए तीनों नाबालिग अलग-अलग मामलों में बाल सुधार गृह में रह रहे थे। इनमें से दो वर्ष 2024 से यहां रह रहे थे, जबकि तीसरा वर्ष 2025 से बाल सुधार गृह में था। बताया जा रहा है कि तीनों पर गंभीर अपराधों के आरोप हैं। फरार नाबालिगों में एक गुरुग्राम, दूसरा मेवात और तीसरा हिसार जिले का रहने वाला बताया जा रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने तीनों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की टीमें भेजी गई हैं। इसके अलावा क्राइम ब्रांच भी फरार बाल बंदियों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस उनके संभावित ठिकानों और आने-जाने के रास्तों की जानकारी जुटा रही है।
थाना एनआईटी प्रभारी महावीर ने बताया कि बाल सुधार गृह प्रशासन की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि तीनों नाबालिग सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर किस तरह बाहर निकलने में कामयाब हुए और इस दौरान सुरक्षा में कहां चूक हुई।
फिलहाल पुलिस का मुख्य फोकस तीनों फरार नाबालिगों को जल्द तलाशने और उन्हें वापस बाल सुधार गृह तक पहुंचाने पर है। मामले की जांच के साथ सुरक्षा व्यवस्था की खामियों की भी पड़ताल की जा रही है।







