Home Haryana एशिया चैंपियनशिप से लौटे हरियाणा के खिलाड़ियों का खेल मंत्री गौरव गौतम...

एशिया चैंपियनशिप से लौटे हरियाणा के खिलाड़ियों का खेल मंत्री गौरव गौतम ने किया स्वागत

29
0

पंचकुला। जापान में आयोजित एशिया चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर लौटे हरियाणा के खिलाड़ियों का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर खेल मंत्री गौरव गौतम ने स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों को फूल मालाएं पहनाकर उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी और भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

खेल मंत्री ने कहा कि एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल 85 पदक हासिल किए हैं। इनमें हरियाणा के खिलाड़ियों का योगदान भी उल्लेखनीय रहा। प्रदेश के खिलाड़ियों ने 14 स्वर्ण, 9 रजत और 9 कांस्य समेत कुल 32 पदक जीते हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा की खेल प्रतिभा और क्षमता को एक बार फिर साबित किया है।

गौरव गौतम ने खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी प्रतियोगिता और प्रदर्शन के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के साथ-साथ उनके माता-पिता, प्रशिक्षकों और खेल संस्थानों का भी महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने अभिभावकों और कोचों को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।

खेल मंत्री ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों की उपलब्धियां प्रदेश की खेल नीतियों और योजनाओं के सकारात्मक परिणाम को दर्शाती हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, पौष्टिक डाइट, योग्य प्रशिक्षक और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए जरूरी संसाधनों की कमी न हो।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की खेल संस्कृति में गांवों की अहम भूमिका रही है। प्रदेश के कई खिलाड़ी ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। सरकार का प्रयास है कि गांवों और छोटे शहरों में छिपी खेल प्रतिभाओं को भी उचित प्रशिक्षण और बेहतर सुविधाएं मिलें, ताकि वे बड़े मंचों पर प्रदेश और देश का प्रतिनिधित्व कर सकें।

गौरव गौतम ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश और देश के लिए गौरव का विषय है। ऐसी उपलब्धियां युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करती हैं और उन्हें मैदान से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करती हैं।

उन्होंने खिलाड़ियों से आगामी प्रतियोगिताओं के लिए इसी तरह मेहनत और समर्पण के साथ तैयारी जारी रखने का आह्वान किया। साथ ही भरोसा दिलाया कि सरकार खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here