हिसार। हिसार के कैमरी रोड स्थित स्काई हॉक्स क्रिकेट ग्राउंड में रात मैच खत्म होने के बाद फायरिंग की घटना सामने आई। इस दौरान गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, रात स्काई हॉक्स क्रिकेट ग्राउंड में क्रिकेट मैच चल रहा था। मैच समाप्त होने के बाद ग्राउंड में बैठे कुछ लोगों ने हरिता निवासी नरेश और बयानाखेड़ा निवासी धर्मवीर पर कथित तौर पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए राजगढ़ रोड स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने नरेश को मृत घोषित कर दिया। धर्मवीर की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार अस्पताल में जारी है।
बताया जा रहा है कि मृतक नरेश के पास कोर्ट की पार्किंग और कैंटीन का ठेका था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल भेज दिया है।
फायरिंग की वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। मामले में प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद फायरिंग के कारणों और आरोपियों के बारे में स्थिति स्पष्ट होगी।







