अंबाला-:अंबाला छावनी में बाइक चोरी के एक मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। चोरी की वारदात दीना की मंडी में हुई, जहां रेहड़ी लगाने वाले युवक की चाबी लगी मोटरसाइकिल लेकर आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की और चोरी की बाइक भी बरामद कर ली।मामला अंबाला छावनी की दीना की मंडी का है। यहां रोहित नाम का युवक रेहड़ी लगाकर सामान बेचता है। रोज की तरह उसने अपनी मोटरसाइकिल पास में ही खड़ी कर रखी थी। इसी दौरान उसका ध्यान ग्राहकों की तरफ गया। मौका देखकर एक युवक चाबी लगी मोटरसाइकिल लेकर वहां से फरार हो गया।
बाइक चोरी होने का पता चलते ही रोहित ने तुरंत पुलिस चौकी हाउसिंग बोर्ड को सूचना दी। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।फुटेज में आरोपी मोटरसाइकिल लेकर जाते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान गुलशन निवासी गांव करधान के रूप में की।पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए चोरी की वारदात के करीब चार घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इससे पहले भी वह किसी चोरी की वारदात में शामिल रहा है या नहीं।थाना सदर अंबाला कैंट के SHO धर्मवीर सैनी के मुताबिक,शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी नशे और अपने खर्चों को पूरा करने के लिए छोटी-मोटी चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।







