सोनीपत : चन्द्रिका ( TSN)- सोनीपत से शुगर मिल में साल 2023 24 के पिराई सत्र की शुरुआत कर दी गई है । जहां हवन यज्ञ में आहुति डाली गई, वहीं मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सांसद रमेश कौशिक ने गन्ना डालकर पिराई सत्र का शुभारंभ किया है ।
जानकारी के मुताबिक शुगर मिल फेडरेशन ने 30 सितंबर तक रिपेयरिंग का काम पूरा करके ट्रायल करने के निर्देश दिए थे, लेकिन रिपेयरिंग के लिए टेंडर में हुई देरी के कारण मेंटेनेंस का काम देरी से हो पाया है ।सोनीपत शूगर मिल प्रशासन ने पिराई सत्र की शुरूआत करने के लिए किसानों को 30 हजार क्विंटल गन्ने की पर्ची जारी की है। हालांकि पहले दिन किसान गन्ना लेकर नहीं पहुंचे । बता दें कि सोनीपत शूगर मिल प्रशासन द्वारा किसानों के साथ 33 लाख 50 हजार क्विंटल गन्ने की बॉडिंग की गई है। सोनीपत शूगर मिल की पिराई क्षमता 22 हजार क्विंटल प्रतिदिन की है। ऐसे में मिल प्रशासन ने अप्रैल माह के दूसरे सप्ताह तक गन्ने की पिराई का काम पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। सोनीपत शूगर मिल के साथ करीब 1850 किसानों ने बॉडिंग की है।







