अंबाला-:देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 138वें एपिसोड के जरिए देशवासियों से संवाद किया। अंबाला छावनी के सेंट्रल फीनिक्स क्लब में हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना।कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में अनिल विज ने ‘मन की बात’ को देश दर्शन की यात्रा बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री हर महीने देश के अलग-अलग हिस्सों में किए जा रहे प्रेरणादायक कार्यों से लोगों को रूबरू करवाते हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को लेकर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि पूरे देश के दर्शन कराने वाली यात्रा जैसा है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश के अलग-अलग क्षेत्रों में अच्छा और प्रेरणादायक काम करने वाले लोगों और उनके प्रयासों को सामने लाने का काम करते हैं।
अनिल विज ने बताया कि इस एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम जन्मभूमि आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अशोक सिंघल का भी उल्लेख किया।विज ने अशोक सिंघल के साथ अपने पुराने संबंधों को याद करते हुए कहा कि उन्हें उनके साथ काम करने और उनका मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिला था।उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र में एक सूर्य ग्रहण के दौरान उन्हें अशोक सिंघल के साथ सहायक के तौर पर काम करने का अवसर मिला था। इसके अलावा अयोध्या में भी उन्होंने उनके मार्गदर्शन में कार्य किया। विज ने अशोक सिंघल से जुड़ी अपनी एक भावुक स्मृति साझा करते हुए कहा कि उनके अंतिम दिनों में जब वह मेदांता अस्पताल में उनका हालचाल पूछने पहुंचे थे, तब भी अशोक सिंघल ने उन्हें काफी देर तक अपने पास बैठाए रखा था।अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में सोमनाथ मंदिर के इतिहास और उस पर हुए हमलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि समय के साथ अनेक आक्रमणकारी इतिहास का हिस्सा बन गए,जबकि हमारी सांस्कृतिक विरासत आज भी कायम है। इसी संदर्भ में उन्होंने शायराना अंदाज में कहा, “कुछ तो है कि हस्ती मिटती नहीं हमारी, यूं तो रहा है दुश्मन दौर जहां हमारा।”
विज ने बताया कि प्रधानमंत्री ने महात्मा गांधी और स्वच्छता के विषय को भी कार्यक्रम में प्रमुखता से रखा।इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण को लेकर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा की गई।उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री देश के उन लोगों और संस्थाओं को सामने लाते हैं, जो समाज,पर्यावरण और देशहित के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। विज के मुताबिक, यह कार्यक्रम लोगों को प्रेरणा देने के साथ-साथ देश के विभिन्न हिस्सों की सकारात्मक तस्वीर भी सामने रखता है।अनिल विज ने कहा कि कार्यक्रम में आंवले के महत्व और उसके लाभों की भी जानकारी दी गई।उन्होंने कहा कि आंवला स्वास्थ्य के लिए उपयोगी होने के साथ-साथ इसके उत्पादन से किसानों और उत्पादकों को आर्थिक लाभ भी मिल सकता है।







